दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार-पिकअप में भिड़ंत: तीन घायल, दो अलवर रेफर; अहमदाबाद से दिल्ली जा रही कार ने मारी टक्कर
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। बुर्जा के पास चैनल नंबर 85+200 पर अहमदाबाद से दिल्ली की ओर जा रही एक कार ने आगे चल रही टाइल्स से भरी पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को बड़ौदामेव अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में कार सवार पीयूष ठाकुर (48) और योगेन्द्र गर्वी (64), दोनों अहमदाबाद निवासी थे। पिकअप में पीछे बैठे मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के अजय कुमार (44) भी घायल हुए।
बड़ौदामेव अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर्स ने पीयूष ठाकुर और योगेन्द्र गर्वी को अलवर रेफर कर दिया। अजय कुमार को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

