भिवाड़ी में मजदूरी बढ़ाने की मांग पर महिलाओं के प्रदर्शन पर पुलिस की सख्ती, लाठीचार्ज का आरोप
भिवाड़ी (देवराज मीणा) औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर महिलाओं और मजदूरों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सख्त कार्रवाई सामने आई है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उनकी शांतिपूर्ण मांगों को अनदेखा करते हुए पुलिस ने उन पर लाठी-डंडे बरसाए।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय कंपनी के बाहर बड़ी संख्या में महिला मजदूर इकट्ठा होकर मजदूरी बढ़ाने और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग कर रही थीं। इसी दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद लाठीचार्ज की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना चेतावनी के बल प्रयोग किया, जिससे कई महिलाएं घायल हो गईं।
वहीं एडिशनल एसपी भिवाड़ी अतुल साहू का कहना है कि स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश की, जिसके चलते हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं और स्थिति को नियंत्रण में बताया

