गोविंदगढ़ में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती; भव्य शोभायात्रा और समारोह का हुआ आयोजन
अलवर जिले के गोविंदगढ़ में भारत रत्न और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कस्बे में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य में बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई और मुख्य समारोह का आयोजन अंबेडकर पार्क में किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत रैदास मंदिर से हुई । जहाँ से भव्य शोभायात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए निकाली गई। इस शोभायात्रा में बाबा साहेब के जीवन और विचारों पर आधारित विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान कस्बेवासियों के द्वारा पुष्पवर्षा की गई।
शोभायात्रा के समापन के पश्चात अंबेडकर पार्क में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के हर वर्ग को समानता का अधिकार दिया है। हमें उनके पदचिन्हों पर चलते हुए शिक्षित और संगठित समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब के संघर्षों को याद करते हुए उनके द्वारा दिखाए गए न्याय और समानता के मार्ग को अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कस्बे के गणमान्य नागरिक, युवा और महिलाएं मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहेब के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


