विधायक सुखवंत सिंह ने जन सेवा केंद्र पर सुनी जनसमस्याएं; अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
रामगढ़ (अलवर) रामगढ़ विधायक श्री सुखवंत सिंह ने गुरुवार को कस्बे में गुरुद्वारा मोड़ स्थित 'विधायक जन सेवा केंद्र' पर क्षेत्र के अभाव अभियोग सुने। जनसुनवाई के दौरान विधायक ने विभिन्न गांवों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
- नगर पालिका क्षेत्र में बिजली-पानी की समस्या पर नाराजगी:
जनसुनवाई में ग्राम पुठि बास से आई महिलाओं ने विधायक को अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का हिस्सा होने के बावजूद वे अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और लंबे समय से पेयजल संकट झेल रही हैं।
इस पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी (EO) व कनिष्ठ अभियंता को तत्काल विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने तथा पीएचईडी विभाग के सहायक अभियंता सियाराम गुर्जर को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- प्राचीन तालाब को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग:
अलावड़ा कस्बे के ग्रामीणों ने विधायक से कस्बे के प्राचीन तालाब की भूमि की पैमाइश करवाकर उसे अतिक्रमण मुक्त कराने का अनुरोध किया। विधायक ने तुरंत तहसीलदार से दूरभाष पर बात कर तालाब का सीमा ज्ञान कराने और अवैध कब्जा हटाने को कहा। तहसीलदार ने विधायक को आश्वस्त किया कि 17 अप्रैल को तालाब की पैमाइश कर इसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
- आमजन को राहत पहुँचाना प्राथमिकता:
विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान पूर्व सरपंच देवेंद्र दत्त शर्मा, सतीश कुमार, सतपाल सिंह सारण, पायल देवी, ललिता देवी सहित अनेक ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


