भाजपा प्रशिक्षण शिविर में संगठन से राष्ट्रवाद तक मंथन, बूथ कार्यकर्ताओं को मंच पर मिली नई पहचान
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत भीलवाड़ा जिला संगठन द्वारा जहाजपुर स्थित स्वस्तिधाम मांगलिक भवन में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में संगठन विस्तार, राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय चुनौतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यकर्ता निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शिविर की व्यवस्थाओं और उद्देश्य की जानकारी दी। वर्ग प्रभारी पुखराज पहाड़िया ने विभिन्न सत्रों की रूपरेखा प्रस्तुत की। दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
प्रदेश महामंत्री श्रवणसिंह बगड़ी ने जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को संघर्ष और विचारधारा की ताकत बताते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद किया। उन्होंने आपातकाल के दौर में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं के संघर्ष को प्रेरणादायी बताया।
प्रदेश महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और वैचारिक चुनौतियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और मजबूत संगठन को इन चुनौतियों का समाधान बताया।
राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने भीलवाड़ा जिले में स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर ने कार्यकर्ता निर्माण, नेतृत्व विकास और संगठनात्मक अनुशासन पर विचार रखते हुए कहा कि भाजपा में पद सेवा का माध्यम है। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर नेतृत्व तैयार करने की आवश्यकता बताई।
प्रशिक्षण शिविर की विशेषता यह रही कि विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता बूथ अध्यक्षों से करवाई गई। जिला संगठन के इस नवाचार को कार्यकर्ताओं ने सराहा। शिविर स्थल पर जिला भाजपा और मंडलों की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।
शिविर में सांसद दामोदर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री श्रवणसिंह बगड़ी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक गोपीचंद मीणा, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, विधायक लालाराम बैरवा, उदय लाल भडाणा, गोपाल खंडेलवाल, लादू लाल पितलिया, जब्बर सिंह सांखला, बरजी देवी भील, राकेश पाठक, शंकर गुर्जर, अविनाश जीनगर सहित जिलेभर से जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद थे।


