राजस्थान ओडीओपी पॉलिसी 2024 की योजनाओं में संशोधन, उद्यमियों को मिलेगा अधिक लाभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी राज्य सरकार की वित्तीय वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा की अनुपालना में 'राजस्थान ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट - एक जिला एक उत्पाद) पॉलिसी 2024' के अंतर्गत बड़ा प्रशासनिक सुधार किया गया है। स्थानीय उद्योगों को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से संचालित मार्जिन मनी योजना एवं तकनीकी अधिग्रहण योजना के प्रावधानों और नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, खैरथल-तिजारा के अधिकारियों ने बताया कि इन संशोधनों का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों (MSMEs) को वित्तीय और तकनीकी रूप से अधिक सुदृढ़ बनाना है। नए संशोधित प्रावधानों के माध्यम से अब पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ बेहद सरल, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से मिल सकेगा, जिससे कागजी जटिलताएं कम होंगी।
संशोधित योजनाओं के मुख्य लाभ व उद्देश्य:
-
स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन: खैरथल-तिजारा जिले के चिन्हित ओडीओपी उत्पादों से जुड़े उद्योगों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
-
मार्जिन मनी योजना में राहत: नए और मौजूदा सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को मिलने वाली मार्जिन मनी (वित्तीय सहायता) की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है ताकि उद्यमियों को वर्किंग कैपिटल (कार्यशील पूंजी) की कमी न हो।
-
तकनीकी अधिग्रहण का आधुनिकीकरण: स्थानीय स्तर पर बन रहे उत्पादों की क्वालिटी सुधारने के लिए नई तकनीक, मशीनरी या पेटेंट हासिल करने पर मिलने वाले अनुदान के नियमों को और अधिक व्यावहारिक बनाया गया है।
उद्यमियों से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील:
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, खैरथल-तिजारा द्वारा जिले के समस्त मौजूदा उद्यमियों, हस्तशिल्पियों, युवाओं और इच्छुक नए लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे सरकार की इस जनकल्याणकारी नीति और संसोधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी या मार्गदर्शन के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, खैरथल-तिजारा कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकते हैं।


