खड़े ट्रेलर में घुसी स्क्रैप भरी पिकअप, परखच्चे उड़े, चालक चमत्कारिक रूप से बचा; नेशनल हाईवे 758 पर भीषण हादसा
गुरला (बद्रीलाल माली)मंगलवार रात नेशनल हाईवे 758 पर कारोई खुर्द के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में स्क्रैप से भरी तेज रफ्तार पिकअप के घुस जाने से भीषण हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह परखच्चे उड़ गए और उसमें भरा स्क्रैप सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
चालक चमत्कारिक रूप से बचा हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि चालक को मामूली चोटें ही आई हैं।
स्क्रैप सड़क पर बिखरा, जाम लगा टक्कर के बाद पिकअप में भरा सारा स्क्रैप सड़क पर फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से पिकअप को हटवाया और स्क्रैप को किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप चालक को नींद की झपकी आने या अंधेरे में खड़े ट्रेलर नहीं दिखने के कारण हादसा हुआ।पुलिस ने वाहन चालकों से रात में हाईवे पर सावधानी बरतने और सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने की अपील की है


