चौरीचौरा रेलवे स्टेशन पर टिकट सूची देखने गए युवक पर चाकू-डंडे से हमला, 1 नामजद समेत 13 पर केस दर्ज
गोरखपुर (उत्तरप्रदेश/ शशि जायसवाल) चौरीचौरा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम टिकट की सूची देखने गए एक युवक पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया गया। हमले में युवक की दोनों आंखों और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में एक नामजद और 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चौरी बदुराहिय निवासी दीपक रेलवे स्टेशन पर टिकट की सूची देखने पहुंचे थे। आरोप है कि सूची फटी होने के दौरान वहां मौजूद एक युवक, जो नशे में था, गाली-गलौज करने लगा। विवाद के कुछ देर बाद उसने अपने साथियों को बुला लिया और स्टेशन गेट के बाहर दीपक पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पीड़ित के मामा राजेश की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद तथा 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


