'पेड़ ही धरती का श्रृंगार': महिलाओं ने लिया 251 पौधे लगाने का संकल्प, 10 गांवों का चयन
हलैना (विष्णु मित्तल) पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्बा हलैना में 'श्री रमन लाल चाहर फाउंडेशन' एवं वन प्रेमियों के संयुक्त तत्वावधान में एक सराहनीय पहल की गई है। कार्यक्रम में राजरानी देवी के सानिध्य में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर पौधारोपण किया और क्षेत्र के 10 गांवों में 251 पौधे लगाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अभियान की शुरुआत करते हुए कस्बे में प्रथम चरण के तहत 11 पौधे रोपे गए।
फाउंडेशन की प्रवक्ता राजरानी देवी ने पर्यावरण का महत्व समझाते हुए कहा कि पेड़ ही धरती का असली श्रृंगार हैं। ये न केवल हमें प्राणवायु, भोजन, ईंधन और औषधियां प्रदान करते हैं, बल्कि धरती को हरा-भरा बनाकर वातावरण को दूषित होने से भी बचाते हैं।
फाउंडेशन की प्रवक्ता वैशाली ने बताया कि इस अभियान के लिए क्षेत्र के 10 गांवों का चयन किया गया है। इनमें हलैना, सरसैना, पाली, खेडलीगुर्जर, बेरी, नयागांव, माफी, बरखुर्द और ताजपुर शामिल हैं, जहाँ लक्ष्य पूरा होने तक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर निटो कुमारी, संगीता, गीता सहित कई महिलाएँ और वन प्रेमी उपस्थित रहे।


