धामेड़ा धाम में पर्यावरण महायज्ञ जारी, पौधारोपण अभियान में जनभागीदारी का आह्वान
नारायणपुर (भारत कुमार शर्मा) उपखण्ड के श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति, नारायणपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के उद्देश्य से एक परिवार–तीन देववृक्ष जिसमें बरगद, पीपल, गूलर अभियान के तहत पर्यावरण महायज्ञ जनहित में निरंतर चलाया जा रहा है। समिति ने आमजन से विश्व की प्राचीन अरावली पर्वतमाला की चोटी पर समुद्र तल से लगभग 866 मीटर की ऊंचाई पर स्थित श्री श्री 1008 श्री पीर संज्यानाथजी महाराज की तपोस्थली धामेड़ा धाम गौशाला व इसके आसपास के तलहटी व चारागाह भूमि में अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की है। धाम स्थित गौशाला परिसर के धूणे पर लहराता ध्वज तथा यहां लगाए गए बरगद, पीपल, गूलर, छीला (पलाश), जाट (खेजड़ी), जामुन एवं करंज के पौधे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के प्रतीक बन रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक परिवार कम से कम तीन देववृक्ष लगाए और उनकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। समिति ने क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से धामेड़ा धाम पहुंचकर पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पर्यावरण महायज्ञ को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।


