पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में छात्रा की चाकू से हत्या, सहपाठी गिरफ्तार; एक महिला कर्मचारी भी घायल
पीलीभीत (शशि जायसवाल) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल की 20 वर्षीय छात्रा कशिश पटेल पर उसके ही सहपाठी सागर सिंह ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल छात्रा की बरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई कॉलेज की एक महिला कर्मचारी भी इस हमले में घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी छात्र को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
- सीटी स्कैन रूम में हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। मृतका कशिश पटेल पिछले दस महीनों से कॉलेज में सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी का कोर्स कर रही थीं। वहीं आरोपी सागर सिंह, जो कि कानपुर का रहने वाला है, एक्स-रे टेक्नीशियन का छात्र है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी सागर ने अचानक अपने बैग से चाकू निकाला और कशिश पर हमला कर दिया। कशिश ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने दौड़ाकर उस पर कई वार किए।
- बीच-बचाव में महिला कर्मचारी घायल, अस्पताल में तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर सीटी स्कैन रूम में तैनात एक महिला कर्मचारी कशिश को बचाने दौड़ीं, लेकिन सिरफिरे आरोपी ने उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी सागर सिंह को दबोच लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल कशिश और महिला कर्मचारी को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के एसआरएमएस (SRMS) अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी कशिश को नहीं बचाया जा सका।
- छात्रों का हंगामा, सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर हुई इस वारदात से छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गए। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही कशिश के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सुकीर्ति माधव मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, पीलीभीत का कहना है कि - "आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला कथित तौर पर एकतरफा प्रेम और आपसी विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। पुलिस हर संभावित पहलू और साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।"


