टिटपुरी से खाटूश्यामजी की प्रथम डाक ध्वज यात्रा रवाना; श्याम मित्र नव युवा मंडल ने किया श्रद्धालुओं का स्वागत
कठूमर (दिनेश लेखी)। क्षेत्र के ग्राम टिटपुरी से बाबा श्याम के भक्तों द्वारा पहली बार आयोजित 'डाक ध्वज यात्रा' पूरी श्रद्धा, उत्साह और गाजे-बाजे के साथ खाटूश्यामजी के लिए रवाना हुई। इस प्रथम यात्रा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्याम प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। पूरा क्षेत्र बाबा श्री खाटूश्यामजी के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्याम मित्र नव युवा मंडल ने किया स्वागत-सम्मान
इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन के दौरान श्याम मित्र नव युवा मंडल की तरफ से डाक ध्वज यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, यात्रियों और सहयोगियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। मंडल के सदस्यों ने यात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए बाबा श्याम से सभी की यात्रा के मंगलमय और सुखद रहने की कामना की।
धर्म और आस्था का अनूठा संगम
डाक ध्वज यात्रा के इस सफल आयोजन से ग्रामीण अंचल में धार्मिक उल्लास का माहौल है। श्याम भक्तों ने इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से आपसी सहभागिता और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अनूठा संदेश दिया है। कार्यक्रम के दौरान रवि कुमार जैन, रवि खंडेलवाल, सोनू खंडेलवाल, रविन्द्र खंडेलवाल, भगवत शर्मा, सत्येन्द्र सिंह, मनीष जोशी और रमन सैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्हें माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।

