राजकीय महाविद्यालय वैर में ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित
वैर (भरतपुर) राजकीय महाविद्यालय वैर, भरतपुर में ‘नई किरण नशा मुक्ति अभियान’ के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने एवं समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री परसराम गुर्जर ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गायत्री परिवार, बयाना से पधारे श्री निर्भय जी एवं श्री विजय जी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति तथा इसके शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर नशामुक्ति अभियान के लिए चयनित 10 सखा-सखियों को नशामुक्ति जागरूकता किट का वितरण भी किया गया, ताकि वे अपने सहपाठियों एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहायक आचार्य बनवारी लाल बैरवा ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को जागरूक बनाकर ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर सहायक आचार्य रामप्रसाद मीणा, भूपेंद्र सिंह एवं गौतम मीणा सहित महाविद्यालय के कर्मचारी भागचंद जैन, राहुल धाकड़, योगेंद्र शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा एवं देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

