भरतपुर, (कौशलेंन्द्र दत्तात्रेय) अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने कहा कि राजस्व, कृषि एवं बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि जिले में फसल खराबे का पारदर्शिता से सर्वे कर प्रभावित किसानों से संवाद का वास्तविक आंकलन करें।
अतिरिक्त कलक्टर गुरूवार को संबन्धित अधिकारियों की बैठक लेकर फसल खराबे के सर्वे की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में फसल खराबे से प्रभावित किसानों के खेतों में मौके पर जाकर आंकलन कर तथा कृषि विभाग के अधिकारियों एवं बीमा कम्पनी के प्रतिनिधियों से संवाद रखकर प्रभावित किसानों का पारदर्शिता से सर्वे करवायें। उन्होंने कृषि विभाग को भी क्षेत्र के किसानों से संवाद बनाये रखकर प्रभावित किसानों को बीमा कम्पनी के टोल फ्री नम्बरों, वेबसाइट एवं वाट्सएप लिंक के माध्यम से खराबे की सूचना देने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमा कम्पनी के प्रातिनिधि यह सुनिश्चित करें कि फील्ड से जो भी शिकायत प्राप्त हो उसका पारदर्शिता एवं नियमों के तहत सर्वे कर आंकलन करे जिससे किसानों को समय पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिल सके।
अतिरिक्त कलक्टर ने सभी अधिकारियों को सवंेदनशीलता से कार्य करते हुए क्रोप कटिंग के आंकडों के अनुसार मिलान करने तथा फसल कटाई प्रयोग समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेमौसम बरसात से प्रभावित फसल का किसानांे का समय पर बीमा योजना का लाभ मिल सके यह भी सुनिश्चित किया जाये। उन्होने अधिकारियों ने बताया कि जिले में अभी तक 8 हजार 500 से अधिक शिकायतें बीमा कम्पनी को प्राप्त हुई है। जिनमें से 19 से 31 मार्च के दौरान की 8 हजार 6 शिकायतों का सर्वे किया जा चुका हैं तथा 4 अप्रैल के बाद प्राप्त शिकायतों में से 12 सौ से अधिक सर्वे बीमा कम्पनी के प्रतिनिधियों के द्वारा किया जा चुका हैं। कृषि अधिकारियों ने बताया कि लगातार टीम लगाकर सर्वे कार्य की जा रहे हैं। कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा रूपवास में 32, रूदावल में 10, भुसावर एवं उच्चैन तहसील में 1-1 गांव को अभी तक फसल खराबे में चिन्हित किया जा चुका है। कृषि एवं राजस्व द्वारा गठित टीम लगातार क्षेत्र में सर्वे कार्य में लगी हुई है।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक कृषि राधेश्याम मीणा, तहसीलदार भरतपुर अजय पारीक, तहसीलदार भू0 अभिलेख ताराचंद सैनी, नायब तहसीलदार संजय सिंह गुर्जर, बीमा कम्पनी के हिमांक द्विवेदी सहित वीसी के माध्यम से जिले के सभी तहसीलदार उपस्थित रहे।