भरतपुर की सात पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव संपन्न: भाजपा के 5 और कांग्रेस के 2 प्रत्याशी बने प्रधान
भरतपुर, 27 नवम्बर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के अंतर्गत जिले की सातों पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। चुनाव परिणामों में भाजपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के खाते में दो सीटें आईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि जिले की सात पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए प्रत्याशियों का निर्वाचन हुआ। इनमें से छह पंचायत समितियों में प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। उच्चैन से भाजपा की विनीता, सेवर से भाजपा की जसना वर्मा, बयाना से भाजपा के यादराम गुर्जर, नदबई से भाजपा के भूपेन्द्रसिंह और रूपवास से भाजपा के ज्ञानेश शर्मा निर्विरोध प्रधान चुने गए, जबकि वैर पंचायत समिति से कांग्रेस की पुष्पा गुर्जर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं।
भुसावर में मतदान से हुआ फैसला
जिला कलक्टर ने बताया कि भुसावर पंचायत समिति में प्रधान पद के लिए मतदान प्रक्रिया के तहत फैसला हुआ। यहां कांग्रेस प्रत्याशी आशा शर्मा ने 14 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि भाजपा प्रत्याशी पवन देवी को 5 मत मिले।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने कहा कि जिले में पंचायतीराज चुनाव की निर्धारित प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

