अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गोविंदगढ़ रेलवे स्टेशन का विकासः पीएम मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन, 4.26 करोड़ की लागत से हुआ नवीनीकरण
गोविंदगढ़ (अलवर) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 22 मई 2025 को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगरा मंडल के गोविंदगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया। कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह मुख्य अतिथि रहे।
स्टेशन के नवनिर्माण में 4.26 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इसमें सर्कुलेटिंग एरिया, जलपान गृह, शौचालय, टिकट काउंटर और वेटिंग एरिया का निर्माण किया गया है।

स्टेशन पर शुद्ध पेयजल और रैंप की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई गई है। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव में सुविधा होगी। स्थानीय लोगों को टिकट आरक्षण की सुविधा भी यहीं मिलेगी। अब उन्हें अलवर नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में होतम सिंह (उप मुख्य इंजीनियर गतिशक्ति उत्तरमध्य रेलवे आगरा), संजीव जाटव (ACM उत्तरमध्य रेलवे आगरा), तहसीलदार राजेंद्र यादव और स्टेशन अधीक्षक हंसराज वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, रिंकल शर्मा, अमित खेड़ापति, योगेन्द्र द्विवेदी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।


