पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाडा:नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में आयोजित होंगे शिविर
भरतपुर, 27 जून (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के मौके पर ही निस्तारण हेतु पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाडा के तहत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाडा के तहत शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत व आवेदन पत्र निर्धारित शिविर स्थल पर आकर प्रस्तुत कर सकता है, जिसका समाधान निगम द्वारा किया जायेगा। नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में 30 जून से 10 जुलाई तक शिविर आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि अधिशाषी अभियन्ता विद्युत राहुल मित्तल को कैम्प प्रभारी एवं सहायक अभियन्ता नगर निगम राधेश्याम गुर्जर को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कैम्पों में किये जाने वाले कार्य
आयुक्त नगर निगम ने बताया कि कैम्पों में नगर निगम द्वारा बरसाती नालों की साफ-सफाई एवं सत्यापन कार्य, वृक्षारोपण हेतु स्थान चिन्हित कर तैयारी करना, अतिवृष्टि से संबंधित तैयारी करने जैसे कार्य किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में मुख्यमंत्री सदभावना केन्द्रों में सामग्री संग्रहण एवं वितरण करना, स्ट्रीट लाइट, पीएमएवाई, पेंशन सत्यापन, एनएफएसए, सीएम स्वनिधि के तहत प्राप्त आवेदनों एवं अन्य मौके पर आवश्यकतानुसार कार्य सम्पादित किये जायेंगे।
वार्डवार कैम्प कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाडा के तहत 30 जून व 1 जुलाई को प्रातः 10 बजे से सांय 6 बजे तक शिविर स्थल पुराना फायर स्टेशन पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 31 से वार्ड संख्या 35 तक एवं वार्ड संख्या 40, 41, 43 से वार्ड संख्या 52 तक के लिए शिविर आयोजित किये जायेंगे। इसी प्रकार 2 से 4 जुलाई तक प्रातः 10 बजे से सांय 6 बजे तक शिविर स्थल हीरादास चौराहा पार्किंग पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से वार्ड संख्या 21 तक एवं 7 व 8 जुलाई को प्रातः 10 बजे से सांय 6 बजे तक शिविर स्थल किला स्थित नेहरू पार्क पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 से वार्ड संख्या 30 तक तथा वार्ड संख्या 36, 37, 38, 39 एवं वार्ड संख्या 42 के लिये शिविर आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि 9 व 10 जुलाई को प्रातः 10 बजे से सांय 6 बजे तक शिविर स्थल रणजीत नगर शॉपिंग सेंटर पार्किंग पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 53 से वार्ड संख्या 65 तक के लिए शिविर आयोजित कर समस्याओं का समाधान किया जायेगा।

