भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि मौसम को देखते हुये सभी विभाग बरसात के दौरान विभागीय दायित्वों का सक्रियता से निर्वहन करें जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नही हो। उन्होंने जिलेभर में जलभराव स्थलों, वर्षाजल से प्रभावित मार्गों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिये जिससे आमनागरिक सावचेत रह सकें। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में पानी की निकासी के लिये सभी निकायों को सर्तकता एवं सक्रियता रखते हुये पानी निकासी के उपाय त्वरित रूप से करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बडे नालों में पानी के बहाव में आने वाले अवरोधकों को हटवाने के साथ ही नालियों पर लगे फेरोकवर खुलवाकर जमा गाद-कचरे आदि को नियमित हटवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम को नालों के बहाव क्षेत्र में जमा कचरे की नियमित निगरानी कर समय पर उठाने एवं आवासीय क्षेत्रों में जमा पानी की निकासी के लिये पम्प आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने मनरेगा एवं मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुये कहा कि प्लान के अनुसार प्रस्तावि कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी कर समय पर शुरू कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जल स्वावलम्बन अभियान में बने जल स्रोतों में पानी की आवक को देखते हुये सुरक्षात्मक उपाय का आंकलन करने एवं अधिक से अधिक पानी स्टोर रह सके इसके लिये स्थानीय पंचायतों को सक्रिय करने के निर्देश दिये। उन्होंने हरियालो राजस्थान एवं एक पेड मॉ के नाम अभियान के तहत विभागों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप एक माह में पौधारोपण करवाकर लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिये। उन्होंने शिक्षा विभाग, बीडीए, नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग को प्रतिदिन पौधारोपण का प्लान बनाकर आम लोगों को भी प्रेरित करने की बात भी कही।
उन्होंने जनसुनवाई के प्रकरणों की समीक्षा करते हुये कहा कि किसी भी विभाग में 60 दिवस से अधिक समय तक परिवाद लम्बित रहने पर जिम्मेदारी तय की जायेगी। जिला स्तरीय अधिकारी अधीनस्थ कार्मिकों द्वारा किये गये प्रकरणों की निस्तारण की जांच कर प्रतिमाह दस समस्याओं का स्वयं के स्तर पर आंकलन कर परिवादी के संतुष्टि के मापदण्ड भी चैक करें। सभी विभाग सम्पर्क के प्रकरणों के निस्तारण के समय फोटो एवं वस्तुस्थिति की रिपोर्ट भी आवश्यक रूप से अपलोड करेंगे। उन्होंने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं कालाबाजारी रोकने के लिये टीम बनाकर आदान विक्रेताओं की समय समय पर जांच करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के साथ ही बरसात के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से नियमित साफ सफाई एवं आवासीय क्षेत्रों में जमा वर्षाजल की निकासी के इंतजाम करने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने सभी विभागों को बजट घोषणाओं में चल रहे कार्यों की निरन्तर मॉनिटरिंग करने, भूमि आवंटन के बाद बजट की उपलब्धता के अनुसार कार्य को गति देने के निर्देश दिये। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, निदेशक घना मानस सिंह, सचिव बीडीए नीलिमा तक्षक, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।