केंद्र और राज्य सरकार बहज गांव सभ्यता और डीग जल महल संरक्षण के लिए कटिबद्ध - पर्यटन मंत्री
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बुधवार को भरतपुर में एक दिवसीय दौरे पर रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों, आमजन, सदस्यों से रूबरू भी हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा राष्ट्रीय महत्व के प्राचीन स्मारकों, धरोहर, विरासत के संरक्षण और पुरातात्विक स्थलों का रखरखाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को राजस्थान के डीग जिले के बहज गांव में खुदाई के दौरान लगभग 4 हजार 500 साल पुरानी एक प्राचीन सभ्यता के प्रमाण पाए गए हैं, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण इसके संरक्षण के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डीग जिले में जल महलों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दिशा-निर्देश पर डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे भरतपुर व डीग जिले को पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन मंत्री शेखावत ने जिला कलक्टर कमर चौधरी से भरतपुर जिले के पर्यटन विकास को लेकर फीडबैक भी लिया। उन्होंने बयाना फोर्ट संरक्षण के लिए कार्य योजना बनाकर शीघ्र प्रस्ताव भेजने निर्देश दिए। उन्होंने भरतपुर जिले से एनसीआर क्षेत्र को लेकर जानकारी ली। उन्होंने भरतपुर शहर में बरसात में जल भराव निकासी के लिए ड्रेनेज सिस्टम प्लानिंग करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी, पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, पूर्व सांसद रंजीता कोली, शैलेश कौशिक, गिरधारी तिवारी, मनोज भारद्वाज, गिरधारी लाल गुप्ता, सतेंद्र गोयल, भानु प्रताप सिंह राजावत, ओम प्रकाश सिंघल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।