रामगढ़ के खेडी रोड पर समस्या का समाधान: गंदे पानी की हुई निकासी, स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में स्टेट बैंक के पीछे खेड़ी रोड पर लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया है। करीब तीन दशक से बदहाल इस मार्ग के सुधरने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। विधायक सुखवंत सिंह के प्रयासों से नगर पालिका ने इस रास्ते का निस्तारण किया है, जिससे पूरे क्षेत्र को गंदे पानी और बदबू से मुक्ति मिली है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह मार्ग पिछले 30 वर्षों से खराब स्थिति में था। पूरे कस्बे का गंदा पानी इसी रास्ते पर जमा होता था, जिससे लगातार बदबू और अस्वच्छता बनी रहती थी। बरसात के मौसम में स्थिति और भी बिगड़ जाती थी, जहां कीचड़, जलभराव और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ जाता था। राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना एक बड़ी चुनौती थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक सुखवंत सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाकर जमा हुए गंदे पानी की निकासी करवाई और नाली व्यवस्था को दुरुस्त किया। इस पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सका।
विधायक सुखवंत सिंह ने कहा-सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने जोर दिया कि विकास कार्यों को जनता की सुविधा से जोड़ा जा रहा है, और जहां भी पुरानी समस्याएं मौजूद हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक और नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल सड़क सुधार नहीं है, बल्कि जनजीवन को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि अब खेड़ी रोड पर न तो गंदे पानी की बदबू है और न ही कीचड़। सड़क पर चलना अब आसान हो गया है और बीमारियों का खतरा भी समाप्त हो गया है।


