टायर फटने से पिकअप कार से टकराई: कार का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त, चार टीचर बाल-बाल बचे
अलवर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। रामगढ़ क्षेत्र के नंगला बंजीरका गांव के सामने एक कार और पिकअप गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसमें सवार चारों लोग सुरक्षित बच गए।
यह घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्याज से भरी पिकअप गाड़ी का अचानक एक टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर लहराने लगी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने पिकअप को बचाने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहनों में टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कार में नंगला बंजीरका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का स्टाफ सवार था। कार तिवारी सर चला रहे थे, जबकि निशा यादव, सुरेंद्र और अनीता मैडम उसमें बैठे थे। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चारों स्टाफ सदस्यों को कोई चोट नहीं आई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों वाहनों को सड़क के किनारे किया, ताकि यातायात बाधित न हो।