गुटखा खाना पड़ा युवक को महंगा; लात मारकर चलती ट्रेन से नीचे फेंका, सिर में गंभीर चोट अलवर अस्पताल में भर्ती
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जीआरपी थाना क्षेत्र में खैरथल के पास चलती ट्रेन में हई मामूली बात को लेकर एक युवक ने दूसरे युवक को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान विजय के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और जयपुर में बेल्डिंग कन्स्ट्रक्शन का काम करता है। जानकारी के मुताबिक, विजय ट्रेन से जयपुर जा रहा था। उसने गुटखा खा रखा था और थूकने के लिए उसने पास में बैठे युवक से थोड़ी जगह देने के लिए कहा। बस इतना कहना भर था कि युवक गुस्से में आ गया और उसने विजय को लात मार दी। लात लगते ही विजय ट्रेन से नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आ गई।
घटना के बाद रेलवे ट्रैक किनारे मौजूद लोगों ने इसकी सूचना खैरथल स्टेशन और पुलिस को दी। घायल अवस्था में विजय को पहले खैरथल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलवर जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। जिसकाअस्पताल में इलाज जारी है। विजय ने बताया कि किसी बड़ी बहस या झगड़े केसिर्फ साइड में बैठने को कहने पर ही युवक ने हमला कर दिया। इस वारदात से यात्रियों में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी खैरथल ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय यात्रियों ने कहा कि ट्रेन में आए दिन छोटे विवाद बड़े हादसे का रूप ले लेते हैं, ऐसे में सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी और यात्रियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

