सीएलजी बैठक में सुरक्षा, यातायात और सीसीटीवी व्यवस्था पर मंथन; ग्रामीण प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय

Jan 16, 2026 - 13:57
 0
सीएलजी बैठक में सुरक्षा, यातायात और सीसीटीवी व्यवस्था पर मंथन;  ग्रामीण प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय

तखतगढ़ (बरकत खान) तखतगढ़ पुलिस थाना परिसर में आज सामुदायिक संपर्क समूह (सीएलजी) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व थानाधिकारी शैतान सिंह ने किया। बैठक में नगर के सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे, किंतु थाना क्षेत्र से जुड़े 23 गांवों में से केवल बलाना गांव से एक ही सदस्य की उपस्थिति रही। शेष गांवों के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति बैठक में चर्चा का विषय बनी।

बैठक के दौरान सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत थानाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि छोटे बच्चों को मोटरसाइकिल न दी जाए, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए तथा यातायात नियमों का पालन किया जाए। नगर के राष्ट्रीय राजमार्ग 325 पर स्थित चौराहे सहित जालौर सर्कल के इंद्र कुर्सी फॉर्म क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के बंद पड़े होने का मुद्दा भी उठाया गया। सीएलजी सदस्यों ने इन कैमरों को शीघ्र चालू कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

रात्रि 8 बजे के बाद शराब ठेकों के संचालन को लेकर भी जानकारी दी गई। साथ ही सीएलजी सदस्यों ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि समय हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग रखी। इस संबंध में थानाधिकारी को अवगत कराया गया, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

थानाधिकारी ने सीएलजी सदस्यों से कहा कि नगर या आसपास कहीं भी कोई समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत पुलिस थाना को सूचना दें। नगर में विभिन्न स्थानों पर लगे पुलिस बीट प्रभारी सूचना बोर्ड काफी पुराने हो चुके हैं, उन्हें बदलने के निर्देश भी दिए गए। तखतगढ़ के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर सीएलजी सदस्यों ने अपनी बात रखी और सुधार की आवश्यकता बताई।

थानाधिकारी शैतान सिंह ने बताया कि यह उनकी पहली सीएलजी बैठक है। हाल ही में पावा सती माता मंदिर में हुई चोरी का खुलासा होने पर सीएलजी सदस्यों ने पुलिस थाना तखतगढ़ की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि सीसीटीवी कैमरों की सहायता से चोरी का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

बैठक में पुलिस थाना स्टाफ से हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह, हेड कांस्टेबल पदमाराम, सांवलाराम, तेज बहादुर, निकू सिंह और श्रवण कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा बैठक में समाजसेवी राम सिंह कंबावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनरूप सुथार, कालू खान, रमजान खान, गजेंद्र सिंह, मोंटू सिंह, पार्षद देवाराम चौधरी, सुनील रावल, भरत दास, संत वीणा देवी रावल, भंवरमल सुथार, पप्पू खान, मनोहर सिंह सोडा तथा पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद सोलंकी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................