सनसनीखेज: मोरना में घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में दहशत
मोरना (शशि जायसवाल) मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव उनके घर के आंगन में लहूलुहान अवस्था में मिला। हमलावरों ने सोते समय उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान मोरना निवासी रामप्रसाद (55 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामप्रसाद रविवार रात घर के मेन गेट के पास चारपाई पर सो रहे थे। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब उनकी पत्नी चंद्रकली उन्हें जगाने पहुंचीं, तो वहां का नजारा देख उनकी चीख निकल गई। रामप्रसाद का शव खून से लथपथ पड़ा था और उनकी गर्दन व शरीर पर गहरे जख्म के निशान थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मृतक के परिवार में पत्नी चंद्रकली के अलावा दो बेटे अमित और सुमित, बड़ी बेटी कोमल और एक 16 वर्षीय नाबालिग बेटी है। पिता की अचानक और नृशंस हत्या से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने फिलहाल किसी अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।vएसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ देवव्रत बृजेश और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
पूछताछ: पुलिस ने मृतक की पत्नी और बच्चों से अलग-अलग पूछताछ की है ताकि हत्या के पीछे की वजह (रंजिश या अन्य कारण) का पता लगाया जा सके। "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।"