योग 365 अभियान के तहत 100 दिवसीय फ्री लाइव योग सेशन; अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आयुष विभाग के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्व योग 365 अभियान के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान एवं हैबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय फ्री लाइव योग सेशन का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आयुष मंत्रालय द्वारा 27 मई, 2026 को विश्व रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से एक वृहद ऑनलाइन योग कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
एडीएम सिटी राहुल सैनी ने बताया कि 7 मई 2026 को प्रस्तावित ऑनलाइन कार्यक्रम में अधिकाधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सभी विभागों को अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जन सामान्य एवं अधीनस्थ कार्मिकों को लाइव योगाभ्यास सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रतिभागी राजस्थान राज्य के विशिष्ट लिंक https://moa.habit.yoga?ref=Rajasthan एवं टोल फ्री नंबर 18003157008 के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन के रूप में संचालित करते हुए जिले एवं राज्य की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।

