बालिकाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजनान्तर्गत जागृति सप्ताह के तहत महिला अधिकारिता भरतपुर के अधीन संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र द्वारा गुरुवार को मिलेनियम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में बालिकाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में युवा संबल केंद्र की मंजूषा सिंह ने छात्राओं को विषय संकाय चयन, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उभरते हुए कैरियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही विषय चयन करने के लिए प्रेरित किया।
जन सुहांस संस्था की मिथलेश कुमारी ने जेंडर संवेदनशीलता विषय पर चर्चा करते हुए समाज में समानता एवं जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केस वर्कर मनीषा कुमारी ने छात्राओं को कैरियर काउंसलिंग के साथ-साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।
कार्यक्रम का संचालन मिलेनियम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी विद्यालय की व्यवस्थापिका पुष्पांजलि द्वारा किया गया। कार्यशाला में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं अपने भविष्य से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए।


