राजगढ़ पंचायत समिति की कमान बीना देवी मीना के हाथ, निर्विरोध बनीं प्रधान,भाजपा ने नहीं उतारा प्रत्याशी
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। राजगढ़ पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस की बीना देवी मीना निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मुख्य विपक्षी दल भाजपा की ओर से किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिससे राजनीतिक समीकरण पहले ही स्पष्ट हो गए थे।
जानकारी के अनुसार, प्रधान पद के लिए धनपति मीना ने निर्दलीय और कांग्रेस दोनों ही स्तरों से नामांकन पत्र दाखिल किया था। हालांकि, नामांकन वापसी के अंतिम समय में धनपति मीना ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके चलते मैदान में एकमात्र दावेदार बचीं बीना देवी मीना को निर्विरोध प्रधान घोषित कर दिया गया। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीना ने उन्हें प्रधान पद की शपथ दिलाई।
उल्लेखनीय है कि बीना देवी मीना वार्ड नंबर 15 से 413 मतों के अंतर से विजयी होकर पंचायत समिति सदस्य बनी थीं। पंचायत चुनाव में कुल 23 पंचायत समिति सदस्य चुनकर आए थे, जिनमें कांग्रेस के 12, निर्दलीय 8 और भाजपा के 3 सदस्य शामिल थे।
पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो नवनिर्वाचित प्रधान बीना मीना के पति भगवान सहाय मीना वर्तमान में जमवारामगढ़ में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
प्रधान पद की शपथ लेने के बाद बीना देवी मीना ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और सभी को साथ लेकर चलने की बात कही। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और स्थानीय पदाधिकारियों का आभार जताया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी।

