कठूमर मे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
कठूमर (दिनेश लेखी) ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कठूमर की ओर से सोमवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बढ़ती महंगाई एवं नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजवीर चौधरी ने बताया कि देश में डीजल, पेट्रोल, सीएनजी गैस तथा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और आम आदमी की परेशानियों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल नीट-2026 का पेपर लीक होना लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों में निराशा का माहौल है तथा कई छात्र-छात्राओं के आत्महत्या जैसे कदम उठाने की खबरें भी सामने आई हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इससे डबल इंजन सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली के माध्यम से केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए महंगाई पर रोक लगाने तथा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान प्रदेश सचिव पंडित सुरेश पूँछरी, युवा नेता सोमेश्वर चौधरी, महेश होंडा, अजय कुमार, धर्मवीर, सरदार सिंह, अनिल, बनेसिंह, शेरसिंह, संतोष ठेकेदार, उत्तमसिहं, विजय सिंह, पप्पू, सुगड सिंह, हीरालाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


