पंच गौरव थीम आधारित सर्किल का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण; भरतपुर की पहचान, संस्कृति, खेल, पर्यटन और कृषि वैभव को मिला नया आयाम
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पंच गौरव’ पहल के अंतर्गत जिले की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने एसपी कार्यालय के निकट विकसित पंच गौरव थीम आधारित सर्किल का लोकार्पण किया।
राज्य सरकार द्वारा संचालित इस पहल के तहत प्रत्येक जिले की पांच प्रमुख विशेषताओं—एक उत्पाद, एक उपज, एक खेल, एक वनस्पति तथा एक पर्यटन स्थल—को चिन्हित कर उन्हें विशेष पहचान दी जा रही है। भरतपुर जिले की सांस्कृतिक, कृषि एवं पर्यटन विरासत को दर्शाते हुए तैयार किए गए इस थीम सर्किल को शहर के मध्य एक आकर्षक लैंडमार्क के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पंच गौरव’ पहल प्रदेश की स्थानीय पहचान, परंपरा और विशेषताओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का अभिनव प्रयास है। इससे न केवल स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने जिले की विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
भरतपुर में बड़े स्तर पर होने वाले मधुमक्खी पालन को ध्यान में रखते हुए शहद को जिले की प्रमुख उपज के रूप में शामिल किया गया है। इसके प्रतीक स्वरूप पेड़ एवं मधुमक्खी के छत्ते की विशेष आकृति तैयार की गई है। वहीं भरतपुर की पारंपरिक पहचान रहे सरसों तेल को दर्शाने के लिए सरसों के पौधे का कलात्मक स्वरूप विकसित किया गया है।
वनस्पति के प्रतीक के रूप में कदम वृक्ष को स्थान दिया गया है, जबकि विश्व प्रसिद्ध केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान की पहचान को उभारने के लिए दो विशाल सारस पक्षियों के आकर्षक स्कल्पचर स्थापित किए गए हैं। खेल क्षेत्र में जिले की समृद्ध कुश्ती परंपरा को प्रदर्शित करने हेतु दांव लगाती दो महिला पहलवानों की भव्य कलाकृति तैयार की गई है।
करीब 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सर्किल भरतपुर की सांस्कृतिक समृद्धि, कृषि परंपरा, खेल प्रतिभा और पर्यटन वैभव का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक शैलेश सिंह, बहादुर सिंह कोली, ऋतु बनावत, नौक्षम चौधरी, आईजी कैलाश बिश्नोई, जिला कलेक्टर कमर चौधरी,बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, गिरधारी तिवारी, गिरधारी गुप्ता, सत्येंद्र गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


