बजट घोषणाओं की समय पर क्रियान्विति करें सुनिश्चित, योजनाओं का पहुंचाऐं आमजन तक लाभ - जिला प्रभारी सचिव
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) शासन सचिव सहकारिता एवं जिला प्रभारी सचिव आनन्दी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार सोमवार को सर्किट हाऊस में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि पूर्व बजट 2025-26 की घोषणाओं की क्रियान्विति व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्रजनों तक पहुंचाने को प्राथमिकता दें।
जिला प्रभारी सचिव ने बीडीए, जिला परिषद, मेडीकल कॉलेज, कृषि, उद्यान विभाग, समाज कल्याण, शिक्षा विभाग, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से बजट 2025-26 एवं 2026-27 की घोषणाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सभी योजनाओं और परियोजनाओं का समय पर और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट में घोषित सभी योजनाओं और परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता के हित में कार्य करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय से काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों में बजट घोषणाओं के अनुसार कार्यों में गति लाएं और किसी भी प्रकार की देरी या अड़चनों को तुरंत सुलझाने का प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व बजट 2025-26 की घोषणाओं की क्रियान्विति व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का यही विजन है कि सभी बजट घोषणाओं को धरातल पर जल्द से जल्द उतारा जाए।
बैठक में जिला कलक्टर कमर चौधरी, आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, उपखण्ड अधिकारी भारती गुप्ताए सहायक निदेशक लोकसेवाएं भारती भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


