पुण्य स्मृति में सामाजिक सरोकार: भामाशाह ने बिजली विभाग कार्यालय में करवाया टिनशेड का निर्माण
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे के जागरूक नागरिक और सेवानिवृत्त सहायक प्रशासनिक अधिकारी गोपाल लाल शर्मा ने सामाजिक सरोकार और जनहित की एक अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय संतोष देवी एवं अपने सुपुत्र स्वर्गीय प्रवीण कुमार की पुण्य स्मृति में स्थानीय विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (AEN) कार्यालय परिसर में एक भव्य टिनशेड का निर्माण करवाया है। इस टिनशेड के बनने से कार्यालय में आने वाले उपभोक्ताओं और ग्रामीणों को धूप और बरसात से बड़ी राहत मिलेगी।
भामाशाह के इस सराहनीय कदम पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मनफूलसिंह महरिया एवं सहायक राजस्व अधिकारी राजीव रोहिला ने कार्यालय परिसर में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान विभाग के अधिकारियों द्वारा भामाशाह गोपाल लाल शर्मा को साफा पहनाकर और माला अर्पण कर उनका भव्य अभिनंदन किया गया और इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी मंगतू राम वर्मा, ठेकेदार रविंद्र सिंह, उपभोक्ता लिपिक नाथूराम सैनी और भामाशाह प्रेरक दलीप गुर्जर सहित विद्युत विभाग के अनेक कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भामाशाह शर्मा के इस जनहितैषी कार्य की सराहना की।


