वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने लगाया शरबत वितरण शिविर
खैरथल (हीरालाल भूरानी) वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान भीषण गर्मी और तेज लू के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड के नेतृत्व में बुधवार को तिजारा में शरबत वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राहगीरों, वाहन चालकों, श्रमिकों एवं आमजन को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत प्रदान की गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। अधिशासी अभियंता शालिनी ने बताया कि वर्तमान में तापमान लगातार बढ़ रहा है तथा दोपहर के समय लू का प्रभाव अधिक रहने से आमजन को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में सामाजिक सरोकारों के तहत लोगों को राहत पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने लोगों से अत्यधिक गर्मी में आवश्यक सावधानियां बरतने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने एवं दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील भी की। शिविर में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और आने-जाने वाले लोगों को शरबत वितरित किया। शिविर के दौरान कई राहगीरों ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की इस जनहितकारी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।


