ग्राम बासड़ा में कचरा डालने का ग्रामीणों ने जताया विरोध, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने उठाई आवाज
खैरथल (हीरालाल भूरानी) पंचायत समिति किशनगढ़बासके ग्राम बासड़ा में नगर पालिका द्वारा रिहायशी क्षेत्र के निकट कचरा डाले जाने से नाराज ग्रामीणों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि आबादी के बीच कचरा डाले जाने से दुर्गंध, गंदगी और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका से तत्काल इस व्यवस्था को बंद कर आबादी से दूर स्थायी डंपिंग यार्ड बनाने की मांग की।
विरोध की सूचना मिलने पर खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष बलराम यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके से ही किशनगढ़बास नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से दूरभाष पर बातचीत कर कचरे पर नियमित रूप से कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने तथा जल्द से जल्द डंपिंग स्थल को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
बलराम यादव ने कहा कि नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रिहायशी इलाकों में कचरा डालने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आबादी से दूर एवं स्थायी डंपिंग यार्ड की व्यवस्था करनी चाहिए।


