खेरली में विद्यालयी बच्चों को मिले नए स्कूल बैग, भारत विकास परिषद ने किया वितरण
खेड़ली (दिनेश लेखी) भारत विकास परिषद, शाखा खेड़ली मण्डी द्वारा सामाजिक सरोकार एवं सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को कस्बे के मगन लाल गोयल राजकीय प्राथमिक विद्यालय नम्बर-4 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चेहरे नए बैग पाकर खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश गोयल ने विद्यालय परिवार का स्वागत करते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं नैतिक विकास में सहयोग देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
परिषद के सचिव बनवारी लाल शर्मा ने परिषद की स्थापना, उद्देश्यों एवं विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि परिषद समय-समय पर जरूरतमंद विद्यार्थियों एवं समाज के वंचित वर्गों के हित में जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संजय गीजगढ़िया ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों एवं सामाजिक संगठनों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर सहयोग करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।
बैग वितरण के बाद विद्यालय के संस्था प्रधान चरण सिंह ने भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ता है तथा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में परिषद की महिला प्रकोष्ठ प्रभारी स्वदेश चौधरी, सदस्य महेन्द्र कुमार जैन सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


