पति-पत्नी विवाद में युवक ने लगाई फांसी, बहन ने पत्नी पर अवैध संबंध व प्रताड़ना का लगाया आरोप
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्कीम नंबर 10बी में 31 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 11 फरवरी की रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान अजय के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मृतक की बहन अनु ने दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अजय और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बहन का कहना है कि मृतक की पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे, जिसको लेकर अजय मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे और अजय को प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले अजय अपनी बहन के पास गया था और उसने बताया था कि वह काफी तनाव में है तथा उसे लगातार मानसिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर अखैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।