अलवर में ACB का बड़ा धमाका: अरावली विहार थाने का ASI 10,000 रु की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
अलवर | अनिल गुप्ता 14 जुलाई 2026
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए एसीबी अलवर प्रथम की टीम ने अरावली विहार थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) शंकर लाल शर्मा को 10,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से थाने सहित पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बेटे का नाम निकालने और मदद के नाम पर मांगी घूस
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के शब्बीर खान (उप अधीक्षक) ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी अलवर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, अरावली विहार थाने में परिवादी के पुत्र के विरुद्ध मामला दर्ज है। इस मुकदमे के जांच अधिकारी (I.O.) एएसआई शंकर लाल शर्मा द्वारा केस में से परिवादी के लड़के का नाम निकालने, हिरासत के दौरान मारपीट नहीं करने और मदद करने की एवज में 25,000 रुपये की रिश्वत मांग कर लगातार परेशान किया जा रहा था।
पहले ले चुका था 15 हजार, बाकी रकम लेते ही फंसा जाल में
दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी एएसआई 13 जुलाई की सुबह खुद परिवादी के घर पहुंचा और वहां परिवादी व सह-परिवादी से 5,000 रू की रकम ऐंठ ली। साथ ही बकाया 20,000 रू. शाम तक लेकर आने का दबाव बनाया। इसके बाद जब एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया, तो सत्यापन के दौरान भी आरोपी एएसआई शंकर लाल शर्मा ने परिवादी से ₹10,000 की रिश्वत वसूल ली और शेष ₹10,000 की मांग पर अड़ा रहा।
मंगलवार को जैसे ही पीड़ित बकाया ₹10,000 की राशि देने के लिए थाने पहुंचा, पहले से जाल बिछाकर मुस्तैद बैठी एसीबी की टीम ने इशारा मिलते ही धावा बोल दिया और आरोपी एएसआई को रंगे हाथों धर दबोचा।
उच्च अधिकारियों के सुपरविजन में हुई कार्रवाई
यह पूरी ट्रैप कार्रवाई डॉ. रामेश्वर सिंह (उप महानिरीक्षक पुलिस-प्रथम) के सुपरविजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी शब्बीर खान (उप अधीक्षक) के नेतृत्व में बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दी गई।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्रीमती एस. परिमला के निर्देशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी एएसआई से गहनता से पूछताछ कर रही है, साथ ही उसके ठिकानों और सेवा संबंधी दस्तावेजों की भी जांच जारी है।


