मकराना: भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष जेके इंदौरा का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण, कार्यकर्ताओं ने केक काटकर दी बधाई
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शहर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र इंदौरा के सफलतम एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहर के एक निजी प्रतिष्ठान पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर मंडल अध्यक्ष को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर मंडल महामंत्री बिशन सिंह शेखावत ने पिछले एक वर्ष में मंडल द्वारा किए गए कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा पार्टी के नियमित कार्यक्रमों के अलावा इस वर्ष कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक गतिविधियों का सफल संचालन किया गया। इसमें एसआईआर जैसी जटिल प्रक्रिया, वार्डों का पुनर्सीमांकन और कार्यकर्ताओं का विशेष प्रशिक्षण मुख्य रूप से शामिल हैं। वहीं, मंडल उपाध्यक्ष नोरतराम नायक ने बताया कि इस एक वर्ष की सबसे बड़ी और मुख्य उपलब्धि शहर में स्वतंत्र रूप से भाजपा कार्यालय का सुचारू संचालन करना रहा है। कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी देवेश स्वामी ने सालभर में आयोजित हुए सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट पीडीएफ प्रारूप में उपस्थित सदस्यों के साथ साझा की।
अपने संबोधन में मंडल अध्यक्ष जेके इंदौरा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मुख्य फोकस हमेशा जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से हल करने पर रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल की मुख्य विकास गतिविधियों को रेखांकित करतें हुए बताया कि वसुंधरा नगर और भाटीपुरा क्षेत्र की जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए नगर पालिका के माध्यम से नई सड़कों का निर्माण करवाया गया। राजकीय चिकित्सालय में सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही नए चिकित्सकों की नियुक्ति करवाई गई, जिससे स्थानीय जनता को बड़ी राहत मिली है। इन समस्याओं को जिला अध्यक्ष के सहयोग से प्रदेश संगठन और सरकार तक पहुंचाया गया था। जिन वार्डों में वर्षों से कचरे के ढेर लगे हुए थे, उन्हें राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के अवसर पर आयोजित सेवा शिविरों के माध्यम से साफ करवाया गया। इस हर्षोल्लास के अवसर पर मंडल प्रवक्ता रामचंद्र मेघ, निवर्तमान पार्षद विनोद सोलंकी, किसान मोर्चा के सुरेन्द्र जाखड़, अल्पसंख्यक मोर्चा के मोहम्मद जुबेर, मालचंद स्वामी, मोहम्मद सलीम बेहलीम, मोहम्मद अली गेसावत, अब्दुल कयूम रांदड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।


