शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’: अलवर में रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, 50 किलो दूषित मिठाई नष्ट, 31 सैंपल जब्त

Aug 25, 2026 - 19:01
 0
शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’: अलवर में रक्षाबंधन पर खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, 50 किलो दूषित मिठाई नष्ट, 31 सैंपल जब्त

डहरा और विवेकानंद चौक की नामी दुकानों पर बड़ी कार्रवाई; अखबार में खाद्य सामग्री देने और बार-बार तेल गर्म करने पर लगाई पाबंदी

अलवर (अनिल गुप्ता)। रक्षाबंधन पर्व पर आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी तथा जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशों पर जिलेभर में ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत सघन कार्रवाई की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापे मारकर कुल 31 नमूने संग्रहीत किए।

50 किलो दूषित मिठाई नष्ट, कई दुकानों को नोटिस

कार्रवाई के दौरान डहरा कस्बे स्थित 'सोफिया स्वीट होम' से कलाकंद का सैंपल लिया गया और मौके पर पाई गई करीब 50 किलोग्राम पुरानी व दूषित मिठाई को तुरंत नष्ट करवाया गया। इसके अलावा:

  • डहरा क्षेत्र: 'मोहित स्वीट होम' से घेवर, 'जोधपुर स्वीट होम' से अंजीर मिठाई तथा 'विष्णु मिष्ठान भंडार' से बर्फी के नमूने लिए गए।
  • विवेकानंद चौक (अलवर): 'शर्मा ट्रेडर्स' से देशी घी और 'पटेल मिष्ठान भंडार' से बर्फी का नमूना लिया गया।

​दुकानों में गंदगी और स्वच्छता मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSA 2006) की धारा 32 के तहत 'इंप्रूवमेंट नोटिस' जारी किए गए।

अखबार में खाना देने और बार-बार तेल गर्म करने पर रोक

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के समोसा-कचोरी विक्रेताओं और चाट ठेलों का भी निरीक्षण किया:

  • अखबार के इस्तेमाल पर रोक: खाद्य पदार्थों को अखबार के कागज में रखकर बेचने पर पूर्णतया पाबंद किया गया है, क्योंकि अखबार की स्याही सेहत के लिए हानिकारक होती है।
  • टीपीसी (TPC) की जांच: कड़ाइयों में इस्तेमाल हो रहे तेल की जांच की गई। दुकानदारों को बार-बार तेल गर्म न करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद्य तेल में टीपीसी (Total Polar Compounds) की मात्रा 25 प्रतिशत से अधिक होने पर वह स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो जाता है।

अग्रिम कार्रवाई जांच रिपोर्ट के बाद

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल, विश्व बंधु गुप्ता, जय सिंह यादव और अशोक लखेरा मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी 31 नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भिजवा दिया गया है। जांच रिपोर्ट आते ही मिलावटखोरों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................