स्वामी नितानंद आश्रम में लगा नि:शुल्क आयुर्वेद शिविर: 300 मरीजों की हुई जांच, बांटी गईं दवाइयां
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (NIA) जयपुर की टीम ने दी सेवाएं; आमवात, त्वचा रोग और श्वास रोगियों को मिली बड़ी राहत
टहला (अलवर) रितिक शर्मा। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत स्यालूता स्थित स्वामी नितानंद आश्रम में एक दिवसीय नि:शुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। आश्रम के महंत स्वामी राजेंद्र दास और समाजसेवी पूरणमल पोषवाल के संयोजन में आयोजित इस शिविर में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (NIA), जयपुर की विशेषज्ञ टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में स्यालूता सहित आसपास के गांवों और ढाणियों से पहुंचे करीब 300 ग्रामीणों ने नि:शुल्क जांच, परामर्श और दवाइयों का लाभ उठाया।
इन बीमारियों का हुआ नि:शुल्क इलाज
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। समाजसेवी पूरणमल पोषवाल व राधामोहन ने बताया कि शिविर में मुख्य रूप से निम्नलिखित समस्याओं से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया:
- जोड़ों व हड्डियों के रोग: आमवात, सन्धिवात (गठिया दर्द)।
- त्वचा व सांस की समस्याएं: त्वचा रोग, एलर्जी और श्वास रोग।
- अन्य विकार: बाल झड़ने की समस्या, प्रदर रोग तथा खून की कमी (एनीमिया)।
जयपुर से पहुंची अनुभवी विशेषज्ञों की टीम
शिविर में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के पंचकर्म विभागाध्यक्ष डॉ. गोपेश मंगल के नेतृत्व में पहुंचे चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में डॉ. अजय यादव, डॉ. अभिषेक रंजन, डॉ. ज्योति कुमावत, डॉ. स्नेहा राठौड़, फार्मासिस्ट पवन लाटा, नरपत सिंह शेखावत, डॉ. दीपक स्वामी, डॉ. नेहा राणा, एनआर विजेंद्र सिंह और यशोगन शामिल रहे।
चिकित्सकीय टीम का किया नागरिक अभिनंदन
शिविर के शुभारंभ पर महंत स्वामी राजेंद्र दास एवं ग्रामीणों ने जयपुर से आई मेडिकल टीम के सभी चिकित्सकों व सहयोगियों का माला पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत-सम्मान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

