लक्ष्मणगढ़ से श्री गिरिराज मित्र मंडल की 26वीं निःशुल्क पदयात्रा 30 अगस्त को होगी रवाना
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) श्री गिरिराज मित्र मंडल के तत्वावधान में गोवर्धन धाम के लिए 26वीं विशाल निःशुल्क पदयात्रा 30 अगस्त (रविवार) को रवाना होगी। यह पदयात्रा कस्बे के किला रोड से दोपहर 3:15 बजे पूरे विधि-विधान व जयकारों के साथ प्रस्थान करेगी।
आयोजन समिति के सदस्य प्रेमचंद ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह पदयात्रा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। पदयात्रा में लक्ष्मणगढ़ कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। यात्रा के दौरान भजन, कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं में आपसी सद्भाव और आस्था का संचार हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि सनातन संस्कृति में पदयात्रा केवल शारीरिक सफर नहीं, बल्कि ईश्वर से जुड़ने और आत्म-साक्षात्कार की एक उच्च कोटि की आध्यात्मिक साधना है। कई श्रद्धालु नंगे पैर चलकर अपनी आस्था और समर्पण प्रकट करेंगे। समिति ने सभी पदयात्रियों से सादगी, आत्म-अनुशासन और मर्यादा का पालन करने का आह्वान किया है।

