महिला सशक्तिकरण की अनूठी मिसाल: गायत्री नगर में 'मेरा काम मेरी पहचान' प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, सजी 40 स्टॉल्स
जयपुर/ राजस्थान (कमलेश जैन)
महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में राजधानी में एक अनूठी पहल की गई है। मुनि संघ वैय्यावृत्ति महिला समूह, महारानी फार्म, गायत्री नगर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 'मेरा काम मेरी पहचान' प्रदर्शनी का रविवार (12 अक्टूबर) को प्रातः 9:30 बजे भव्य शुभारंभ हुआ।
आदिनाथ भवन, गायत्री नगर (महारानी फार्म) में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राजेंद्र कुमार जैन (गोदिया परिवार) द्वारा फीता काटकर किया गया। यह प्रदर्शनी 12 और 13 अक्टूबर को रात्रि 8:00 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
लगभग 40 स्टॉल्स पर दिखा महिलाओं का हुनर
प्रदर्शनी की संयोजक प्रमिला शाह ने जानकारी दी कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना और उनके हुनर को एक उपयुक्त मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के आकर्षक आइटम्स और उत्पादों की लगभग 40 स्टॉल (शॉप्स) लगाई गई हैं। पहले ही दिन उद्घाटन के बाद से ही खरीदारों और स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखने को मिला।
गणमान्य नागरिकों की रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, उपाध्यक्ष विजय सोगानी, मंत्री राजेश वोहरा, पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, वरिष्ठ एडवोकेट विमल कुमार जैन और श्रेष्ठी आलोक शाह सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों और सैकड़ों की संख्या में पहुंचे समाजजनों ने स्टॉल्स का अवलोकन किया, महिला उद्यमियों के इस प्रयास की सराहना की और अपनी आवश्यकतानुसार जमकर खरीदारी भी की।

