उपहार योजना की लॉटरी में छह किसानों को इनाम
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) कृषि उपज मंडी समिति खैरथल में कृषक उपहार योजना के तहत ई-उपहार कूपनों की ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई। लॉटरी एक जनवरी से 30 जून तक जारी कूपनों के लिए थी, जो शुक्रवार को मंडी समिति कार्यालय में आयोजित बैठक में निकाली गई। बैठक में मनीष कुमार जाटव प्रशासक कृषि उपज मंडी समिति खैरथल, विनोद चौधरी सचिव कृषि उपज मंडी समिति तिजारा, क्षेत्रीय उपनिदेशक कृषि विपणन विभाग अलवर खंड अलवर और राजेश चंद कर्दम सचिव कृषि उपज मंडी समिति खैरथल मौजूद रहे। गेट पास की विक्रय पर्चियों पर जारी कूपनों की लॉटरी में पहला पुरस्कार जीत निवासी नंगला डूंगर तहसील किशनगढ़बास को मिला। उन्हें 25 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
दूसरा पुरस्कार रामपाल निवासी गहनकर तहसील तिजारा को मिला। उन्हें 15 हजार रुपये मिलेंगे। तीसरा पुरस्कार विजय निवासी जाजोरबास तहसील किशनगढ़बास को मिला। उन्हें 10 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। ई-पेमेंट की विक्रय पर्चियों पर जारी कूपनों की लॉटरी में पहला पुरस्कार रामफूल निवासी बावल को मिला, उन्हें 25 हजार रुपये मिलेंगे। दूसरा पुरस्कार अनिता देवी निवासी बेहरोज तहसील मुंडावर को मिला, उन्हें 15 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। तीसरा पुरस्कार दीपेश गुप्ता निवासी बंबोरा तहसील किशनगढ़बास को मिला, उन्हें 10 हजार रुपये मिलेंगे। इस अवसर पर प्रियंका प्रजापत अतिरिक्त सचिव, संदीप कुमार मीणा कनिष्ठ विपणन अधिकारी, राधेश्याम सेन आदि मौजूद रहे।


