अतिक्रमण हटवाने के लिए नोटिस जारी: बंद पड़े मोरा खोलें जल्द- एसडीएम
रुदावल ( लेखेन्द्र सिंह बंशीवाल) : रुदावल थाना क्षेत्र स्थित कंजौली गांव में जलभराव की स्थिति का जायजा लेने प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। हाल ही में बारैठा बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गांव में पानी भर गया था, जिसका एसटीएचआर धीरे धीरे अब कम हो रहा है । हालांकि खेतों में अभी भी पानी जमा हुआ है।
एसडीएम विष्णु मित्तल ने बताया कि कंजौली गांव बहाव क्षेत्र में स्थित है, ऐसे में बारिश या बांध से पानी छोड़े जाने पर यहां पानी घुसना आम है। लेकिन इस बार जलभराव का प्रमुख कारण ग्रामीणों द्वारा बहाव क्षेत्र में किया गया अतिक्रमण रहा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हुई और गांव के भीतर तक पहुंच गया। प्रशासन ने गांव में मोरा बंद करने की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अतिक्रमण हटवाने के लिए नोटिस जारी करें और बंद पड़े मोरा जल्द खोलें, ताकि भविष्य में पानी का बहाव सामान्य रह सके और गांव जलभराव से बच सके। गांव की स्थिति फिलहाल सामान्य है, और प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


