हर घर तिरंगा अभियान के तहत आर.टी.सी. एस.एस.बी. अलवर द्वारा तिरंगा गौरव यात्रा का आयोजन:-देशभक्ति के नारों से गूंजा अलवर से मौजपुर तक का मार्ग.
लक्ष्मणगढ़ (अलवर ) कमलेश जैन
संजीव यादव, उप महानिरीक्षक, रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र, सशस्त्र सीमा बल, मौजपुर अलवर की अध्यक्षता में “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत “हर घर तिरंगा” अभियान के अवसर पर साइकिल एवं पैदल यात्रा का भव्य आयोजन आज मंगलवार को किया गया।
कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साह और देशभक्ति के जज़्बे के साथ भाग लिया। संजीव यादव ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा:“आजादी का अमृत महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारे राष्ट्र के स्वतंत्रता के लिए समर्पण और एकता का परिपूर्ण उत्सव है। इस रैली के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हर घर में तिरंगा फहराए जाने से हमारा संकल्प सशक्त होगा।”
रैली का शुभारंभ आरटीसी अलवर से हुआ, जो ग्राम मोजपुर होते हुए वापस केंद्र तक संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति के नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गौरव से जोड़ना था।
इस आयोजन ने न केवल हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया, बल्कि स्थानीय नागरिकों में भी देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया। सशस्त्र सीमा बल ऐसे आयोजनों के माध्यम से नागरिकों और सुरक्षा बलों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करता रहा है |


