संविधान दिवस पर राजगढ़ व थानागाजी के आईटीआई संस्थानों में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का वाचन
संविधान दिवस पर राजगढ़ व थानागाजी के आईटीआई संस्थानों में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का वाचनमौलिक अधिकारों, बाल विवाह निषेध, पॉश एक्ट व नालसा की योजनाओं की दी गई जानकारी; नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया सचेत
राजगढ़ (अलवर)अनिल कुमार गुप्ता। तालुका विधिक सेवा समिति (अपर जिला एवं सेशन न्यायालय राजगढ़) की ओर से गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर राजगढ़ व थानागाजी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। तालुका सचिव भाग्यश्री मीणा ने बताया कि समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश राजगढ़ लेखपाल शर्मा के निर्देशानुसार ये जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुए।
संकल्प आईटीआई में पॉश एक्ट व बाल श्रम कानून की मिली जानकारी राजगढ़ मुख्यालय स्थित संकल्प औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित शिविर के दौरान पैरा लीगल वॉलेंटियर शिवकांत शर्मा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया। शिविर में विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों तथा शिक्षा के अधिकार कानून और इसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही जन उपयोगी सेवाओं, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम निषेध कानून और कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण संबंधी पॉश एक्ट-2013 के प्रावधानों की विस्तृत विधिक जानकारी प्रदान की गई।
नशा मुक्ति और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का दिया संदेश इसी क्रम में थानागाजी स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में भी संविधान दिवस पर संविधान की प्रस्तावना का पठन कराया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा नालसा की नशीली दवाओं से पीड़ित व्यक्तियों के लिए विधिक सेवा योजना के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही चरस, गांजा, अफीम, सिगरेट व बीड़ी जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।

