"स" से स्पेशल, "र" से रिवीजन: विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया मतदाता जागरूकता का संदेश
डीग के गांव नगला मोती के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को लोकतन्त्र में वोट की ताकत की दी गई जानकारी
डीग (नीरज जैन) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को डीग के गांव नगला मोती। के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता पर एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ "स" (स्पेशल) और "र" (रिविजन) की एक भव्य मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होने का रचनात्मक संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मुख्य उद्देश्य उन सभी विद्यार्थियों को जागरूक करना है जो जल्द ही 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं।
विद्यालय के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्रभारी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया। उन्हें नाम जुड़वाने की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों और बीएलओ की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे किस प्रकार अपने क्षेत्र के बीएलओ का सहयोग कर सकते हैं और स्वयं भी अपना प्रपत्र भरकर एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभा सकते हैं।
मानव पिरामिड बनाकर दिया 'लोकतंत्र की मजबूती' का संदेश
विद्यालय में में केवल मानव श्रृंखला ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों द्वारा एक 'मानव पिरामिड' का भी शानदार निर्माण किया गया। यह मानव पिरामिड लोकतंत्र में प्रत्येक वोट की शक्ति और सामूहिक भागीदारी से मिलने वाली मजबूती का प्रतीक बना। विद्यार्थियों ने इस गतिविधि के माध्यम से 'वोट की चोट' की ताकत को प्रदर्शित किया और सभी से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
इस जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित एस.डी.एम.सी. के सदस्यों और प्रमुख लोगो ने विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए भावी पीढ़ी की यह जागरूकता और उत्साह अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी भावी मतदाताओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया।

