रॉन्ग साइड से आई कार ने बाइक को मारी टक्कर: बाइक सवार तीन लोग घायल, अलवर रेफर; अलवर-भरतपुर मार्ग पर हुआ हादसा
बड़ौदामेव कस्बे में एक कार की टक्कर से बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बड़ौदामेव के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया। हादसा अलवर-भरतपुर मार्ग पर भगवती मोटर्स के पास बुधवार रात को हुआ।
घायलों की पहचान दूसराहेड़ा बास निवासी हरिसिंह (35) पुत्र मोहर सिंह प्रजापत, बड़ौदामेव निवासी रामनारायण (30) पुत्र सुखराम प्रजापत और रामसिंह (40) पुत्र किशोरी जाटव के रूप में हुई है। ये तीनों रोनपुर से मजदूरी कर अपने घर बड़ौदामेव लौट रहे थे।

देर शाम अलवर-भरतपुर रोड पर भगवती मोटर्स के पास बड़ौदामेव की ओर से आ रही एक ब्रेजा कार के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए गलत दिशा से आकर बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर से बाइक पर सवार तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सूचना मिलने पर एम्बुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को बड़ौदामेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीनों की हालत नाजुक देखते हुए तत्काल उन्हें अलवर रेफर कर दिया।
हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना के बाद कार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामसिंह पुत्र किशोरी जाटव की हालत अत्यधिक नाजुक होने के कारण उन्हें अलवर से जयपुर रेफर कर दिया गया है।