युवाओं ने नाटक के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश, युवाओं ने बनाए पोस्टर
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) राजकीय महाविद्यालय खैरथल में नई किरण नशा मुक्ति अभियान के तहत साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से होने वाले विभिन्न दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम सह प्रभारी राजवीर सिंह मीणा ने बताया कि निबंध लेखन प्रतियोगिता में मुस्कान ने प्रथम, खुशी ने द्वितीय, भारती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया। संकाय सदस्य डॉ. दीपक कुमार, साक्षी जैन, डॉ. राहुल वर्मा ने भी नशे के दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखे।
इसके साथ ही महाविद्यालय में युवा दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे साप्ताहिक कार्यक्रम में शुक्रवार को 'युवाओं की देश के विकास में भूमिका' विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में नेहा ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय एवं खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान डॉ. दीपक अहलावत, डॉ सरस्वती मीणा और स्टाफ सदस्य मनोज गुप्ता, आशीष शर्मा, सौम्या बारेठ प्रभुदयाल और विक्रम सिंह मौजूद रहे।


