भरतपुर -डीग से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पकडे 2 रिश्वतखोर कनिष्ठ अभियंता
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शिक्षा विभाग में तैनात दो कनिष्ठ अभियंताओं को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों कनिष्ठ अभियंताओं ने एक संवेदक से सिक्योरिटी डिपोजिट का पैसा वापस करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक कनिष्ठ अभियंता को डीग जिला के कुम्हेर से गिरफ्तार किया। जबकि दूसरे कनिष्ठ अभियंता को भरतपुर से गिरफ्तार किया है। कुम्हेर में तैनात कनिष्ठ अभियंता राकेश कुमार से 23 हजार 400 की राशि बरामद कर ली गई है।
- विधालय निर्माण कार्य के लिए दिया था डिपोजिट
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया -संवेदक (ठेकेदार) ने 3 दिन पहले दफ्तर में आकर शिकायत दी थी।शिकायत में बताया था कि राज्य सरकार की योजना समसा के तहत एक स्कूल का निर्माण कार्य किया था। निर्माण कार्य से पहले ठेकेदार ने सिक्योरिटी डिपोजिट जमा करवाया था। सिक्योरिटी डिपोजिट को वापिस करने की एवज में दोनों कनिष्ठ अभियंता रिश्वत की मांग कर रहे थे।शिकायत मिलने के बाद मुख्यालय के निर्देश पर 2 दिन पहले सत्यापन करवाया गया ।
- डीग -भरतपुर से दोनों कनिष्ठ अभियंता गिरफ्तार
डीग जिले के कुम्हेर ब्लॉक में तैनात राकेश कुमार और धीरेन्द्र श्रीवास्तव से सत्यापन करवाया गया। सत्यापन में साफ हुआ कि सिक्योरिटी डिपोजिट वापिस करने की एवज में दोनों कनिष्ठ अभियंताओं ने 7.1 % राशि की मांग की थी। शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया । कनिष्ठ अभियंता राकेश कुमार से रिश्वत के 23 हजार 400 रुपए जप्त कर लिए गए।
- दोनों कनिष्ठ अभियंताओं से पूछताछ जारी
दूसरे कनिष्ठ अभियंता धीरेन्द्र श्रीवास्तव को चिकसाना (भरतपुर )से गिरफ्तार किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर कार्यालय में लाया गया है। फिलहाल कार्रवाई जारी है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।