भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) स्वस्थ जीवन की कामना प्रत्येक व्यक्ति करता है और रोगों से शीघ्र राहत दिलाने में आयुर्वेद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आधुनिक समय में आयुर्वेद को अधिक प्रभावी एवं लोकप्रिय बनाने के लिए नवाचार को अपनाते हुए आयुर्वेदिक उपचार के वैज्ञानिक साक्ष्यों का सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। यह विचार जिला कलक्टर कमर चौधरी ने राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय में आयोजित आरोग्य महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए।
जिला कलक्टर ने कहा कि आयुर्वेद पद्धति स्वास्थ्य संवर्धन के साथ-साथ असाध्य समझे जाने वाले अनेक रोगों के उपचार में सदैव अग्रणी रही है। आवश्यकता इस बात की है कि समय-समय पर आयुर्वेद सेवाओं को जनमानस तक सहज, सुलभ एवं वैज्ञानिक तरीके से प्रस्तुत किया जाए, ताकि आमजन इसका अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
उन्होंने वृद्धजनों, महिलाओं एवं युवाओं से आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि विभिन्न बीमारियों के उपचार में आयुर्वेद प्रभावी परिणाम देता है। राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत भी आयुर्वेद उपचार की सुविधा उपलब्ध है, जिससे मरीज लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में आयुर्वेद चिकित्सा क्षेत्र के विकास के लिए कॉलेज एवं औषधि निर्माण केंद्र की स्थापना संबंधी कार्य प्रगतिरत हैं।
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे आयुर्वेद के विषय में अधिकाधिक जानकारी प्राप्त कर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. कमलेश विद्यार्थी ने वर्तमान जीवनशैली में स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने हेतु संतुलित दिनचर्या, पौष्टिक खान-पान तथा रसोईघर की उपयोगिता के वैज्ञानिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नियमित व्यायाम तथा “पिलाटेस” जैसे अभ्यासों को अपनाने की भी सलाह दी।
प्रधान चिकित्सक एवं उपाधीक्षक डॉ. चन्द्र प्रकाश दीक्षित ने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए आरोग्य महोत्सव के महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. यशपाल सिंह, अतिरिक्त निदेशक डॉ. सतीश लवानियां, उपनिदेशक डॉ. साधुराम शर्मा सहित चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आरोग्य महोत्सव के दौरान विभिन्न रोगों की सचित्र प्रदर्शनी लगाई गई तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना सहित चिकित्सालय में संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी आमजन को प्रदान की गई।
कार्यक्रम में पूर्व अतिरिक्त निदेशक डॉ. सुशील पाराशर, डॉ. ताराचंद शर्मा, पूर्व उपनिदेशक डॉ. नरेश तिवारी, डॉ. गिरीश शर्मा, डॉ. उमेश गोदन, डॉ. भगवान सिंह सोगरवाल, समाजसेवी रामसिंह वर्मा, भारत विकास परिषद लोहागढ़ शाखा के पदाधिकारी सुरेश मेठी, सीए अंकुर खंडेलवाल, दिलीप कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. यशपाल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।